लोकतांत्रिक राजनीति || Class-10 Chapter 2 संघवाद Notes in Hindi

अध्याय - 2
"संघवाद"

स्मरणीय बातें :-
1. संघीय सरकार में दो या दो से अधिक स्तर की सरकारें होती हैं।
2. संघीय व्यवस्था में विभिन्न स्तर की सरकारों के अधिकार क्षेत्र संविधान में स्पष्ट वर्णित होते हैं।
3. संघीय व्यवस्था में संविधान के मौलिक प्रावधानों को किसी एक स्तर की सरकार अकेले नहीं बदल सकती।
4. संघीय व्यवस्था का उद्देश्य देश की एकता को सुरक्षित रखना तथा क्षेत्रीय विविधताओं का सम्मान करना है।
5. अमेरिका, स्विटजरलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे संघीय व्यवस्था वाले देशों में प्रांत, केन्द्र की तुलना में अधिक ताकतवर होते हैं।
6. भारत, बेल्जियम और स्पेन में राज्यों की तुलना में केन्द्र अधिक शक्तिशाली है
7. भारत में जम्मू कश्मीर एक ऐसा राज्य हैं जहाँ राज्य विधान सभा की अनुमति के बगैर भारतीय संविधान के कई प्रावधानों को लागू नहीं किया जा सकता।
8. भारतीय संविधान में विधायी अधिकारों को तीन हिस्से में बाँटा गया है - संघ सूची, राज्य सूची और समवर्ती सूची।
9. भारत में उपर्युक्त तीन सूचियों के अतिरिक्त बाकी बचे विषय केन्द्र सरकार
के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।
10. भारत में 40 प्रतिशत लोगों की मातृभाषा हिन्दी है।
11. एक से अधिक राजनीतिक दलों के द्वारा मिलकर बनाई गई सरकार, को गठबंधन सरकार कहते हैं।
12. अनुसूचित भाषाएँ - वे 22 भाषाएँ जिन्हें भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में रखा गया है, अनुसुचित भाषाएँ कहते हैं।
13. भारत में 1992 में संविधान संशोधन करके पंचायतों को ज्यादा शक्तिशाली और प्रभावी बनाया गया।
14. नये संविधान संशोधन के द्वारा पंचायतों में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित की गई।

 

1 अंक वाले प्रश्न :-

1. सत्ता का विकेन्द्रीकरण किसे कहते हैं ?

उत्तर :- केन्द्र और राज्य से शक्तियाँ लेकर स्थानीय सरकारों को देना।


2. नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों के लिए लगभग कितने लोगों का चुनाव होता है?

उत्तर :- 36 लाख


3. भारत में किस राज्य को विशेष दर्जा प्राप्त है?

उत्तर :- जम्मू कश्मीर


4. स्थानीय शासन वाली कौन कौन सी संस्थाएँ शहरों में काम करती हैं ?

उत्तर :- नगरपालिका और नगर निगम


5. एकात्मक शासन व्यवस्था किसे कहते हैं ?

उत्तर :- ऐसी व्यवस्था जिसमें शासन का एक ही स्तर होता है।


6. वेल्जियम में किस प्रकार की सरकार है?

उत्तर :- संघीय सरकार


7. पंचायत समिति का गठन कैसे होता है?

उत्तर :- कई पंचों को मिलाकर पंचायत समिति का गठन होता है।


8. नगर निगम के प्रमुख को क्या कहते हैं?

उत्तर :- मेयर या महापौर


9. समवर्ती सूची के विषयों पर कानून कौन बनाता है ?

उत्तर :- केन्द्र सरकार तथा राज्य सरकार।


10. भारत के राज्यों में पंचायत और नगर पालिका के चुनाव करवाने वाली संस्था का नाम क्या है?

उत्तर :- राज्य निर्वाचन आयोग।

 

3/5 अंक वाले प्रश्न :-

1. भारतीय संविधान में केंद्र और राज्यों के बीच शक्तियों का बँटवारा किस प्रकार किया गया है?

उत्तर :- संघ सूची - प्रतिरक्षा, विदेश, बैंकिंग, संचार, मुद्रा आदि - राष्ट्रीय महत्व के विषय।

राज्य सूची - पुलिस, व्यापार, वाणिज्य, कृषि,

सिंचाई - प्रान्तीय महत्व के विषय।
समवर्ती सूची - शिक्षा, वन, मजदूर संघ, विवाह, गोद लेना।

अवशिष्ट शक्तियाँ - वे विषय जो ऊपर के तीन सूचियों में नहीं हैं तथा जिन पर कानून बनाने का अधिकार केंद्र सरकार को है।

 

2. स्थानीय सरकारों के महत्व का वर्णन कीजिए ?

उत्तर :- 1) अनेक समस्याओं का निपटारा स्थानीय स्तर पर हो जाता है।
2) लोगों को इस बात की जानकारी होती है कि पैसा कहाँ और कैसे खर्च करना है।
3) स्थानीय स्तर पर लोगों को फैसलों में सीधे भागीदार बनाना संभव हो जाता है।
4) सत्ता में अधिक से अधिक लोगों को भागीदार बनाना।
5) स्थानीय शासन सत्ता के विकेन्द्रीकरण के अनुरूप है।

 

3. भारत की संघीय व्यवस्था में बेल्जियम से मिलती जुलती एक विशेषता और उससे अलग एक विशेषता को बताएं?

उत्तर :- भारत में बेल्जियम से मिलती-जुलती विशेषता यह है कि दोनों देशों में संपूर्ण देश के लिए एक संघ सरकार का गठन किया गया है। अलग
विशेषता यह है कि बेल्जियम की केन्द्र सरकार की अनेक शक्तियाँ देश के दो क्षेत्रीय सरकारों को सुपुर्द कर दी गई हैं, जबकि भारत में केंद्र सरकार अनेक मामलों में राज्य सरकार पर नियंत्रण रखती है।

 

4. 1992 के संविधान संशोधन द्वारा लोकतांत्रिक व्यवस्था में विकेन्द्रीकरण को प्रभावी बनाने के लिए क्या प्रयास किए गए हैं?

उत्तर :- 1) स्थानीय निकायों के चुनाव नियमित रूप से कराना अनिवार्य है।
2) कम से कम एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
3) हर राज्य में पंचायत और नगरपालिका चुनाव कराने के लिए राज्य चुनाव आयोग नामक स्वतंत्र संस्था का गठन किया गया है।
4) राज्य सरकारों को अपने राजस्व और अधिकारों का कुछ हिस्सा स्थानीय निकायों को देना पड़ा।

 
5. संघवाद या संघीय शासन व्यवस्था क्या है? इसकी विशेषताएँ लिखिए।

उत्तर :- 1) संघीय व्यवस्था में सत्ता केन्द्रीय सरकार और अन्य सरकारों में बंटी होती है।
2) संघीय व्यवस्था में दो या दो से अधिक स्तर की सरकारें होती हैं।
3) केंद्र सरकार राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर कानून बनाती है और राज्य सरकारें राज्य से संबंधित विषयों पर।
4) दोनों स्तर की सरकारें अपने-अपने स्तर पर स्वतंत्र होकर अपना काम करती हैं।
5) केन्द्र तथा राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र संविधान में स्पष्ट रूप से वर्णित हैं।

 

6. भारत की भाषा नीति क्या है ?

उत्तर :- 1) भारत में किसी एक भाषा को राष्ट्रभाषा का दर्जा न देकर हिंदी और अन्य 21 भाषाओं को अनुसूचित भाषा का दर्जा दिया गया है।
2) अंग्रेजी को राजकीय भाषा के रूप में मान्यता दी गई है, विशेषकर गैर हिन्दी भाषी प्रदेशों को देखते हुए।
3) सभी राज्यों की मुख्य भाषा का विशेष ख्याल रखा गया है।

 

7. 1992 से पूर्व विकेन्द्रीकरण के स्वरूप का वर्णन कीजिए।

उत्तर :- 1) सभी राज्यों में गांव के स्तर पर ग्राम पंचायतें और शहरों में नगरपालिकाओं की स्थापना की गई थी।
2) स्थानीय संस्थाएँ राज्य सरकारों के अधीन रबी गई थी।
3) स्थानीय संस्थाओं के चुनाव नियत समय पर नहीं कराए जाते थे।
4) स्थानीय संस्थाओं के पास न अपना अधिकार था और न संसाधन।

 

8. एकात्मक और संघात्मक सरकारों के बीच अंतर स्पष्ट करें।

उत्तर :- * एकात्मक शासन व्यवस्था :-
1) इसमें केन्द्र सरकार शक्तिशाली होती है।
2) इसके अंतर्गत संविधान संशोधन केन्द्र सरकार कर सकती है।
3) शक्तियाँ एक जगह पर केंद्रित होती हैं।
4) इसमें एक ही नागरिकता होती है।
5) केन्द्र सरकार राज्यों से शक्तियों ले सकती हैं।

* संघात्मक शासन व्यवस्था :-
1) इसमें केन्द्रीय सरकार अपेक्षाकृत कमजोर होती है।
2) इसमें केन्द्र सरकार अकेले संविधान संशोधन नहीं कर सकती है।
3) शक्तियां कई स्तरों पर विभाजित होती हैं।
4) कई संघीय व्यवस्था वाले देशों में दोहरी नागरिकता होती है।
5) दोनों स्तर की सरकारें अपने अधिकार क्षेत्र में स्वतंत्र होती हैं।

 

9. केन्द्र और राज्यों के सम्बन्धों में आए बदलावों का वर्णन कीजिए।

उत्तर :- 1) विभिन्न राज्यों में क्षेत्रीय पार्टियों की सरकारें।
2) गठबन्धन सरकारों के आने से केन्द्र सरकार अपनी मनमानी नहीं कर सकती है।
3) केन्द्रीय राजस्व में राज्यों को दी जाने वाली राशि में बढ़ोतरी।
4) केन्द्र - राज्य तनाव में कमी।
5) केन्द्र राज्य सम्बन्धों में सुधार।
6) केन्द्र सरकार की योजनाओं में राज्यों के हितों का ख्याल।

 

10. पंचायतों की मुख्य परेशानियों का वर्णन करें।

उत्तर :- 1) जागरूकता का अभाव।
2) धन का अभाव।
3) अधिकारियों की मनमानी।
4) जन सहभागिता में कमी।
5) केन्द्र और राज्य सरकारों द्वारा समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध नहीं कराना।
6) चुनाव नियमित रूप से नहीं होते।

 

11. भारत एक संघीय व्यवस्था वाला देश है इस तथ्य को साबित करने वाले मुख्य सिद्धांतों को लिखें।

उत्तर :- 1) भारत में केन्द्र, राज्य और स्थानीय, तीन स्तरों पर सरकारें हैं।
2) भारत में एक लिखित एवं विस्तृत संविधान है।
3) प्रत्येक स्तर की सरकार के अधिकार क्षेत्र संविधान में स्पष्ट वर्णित है
4) संविधान के मौलिक प्रावधानों को कोई एक स्तर की सरकार अकेले नहीं बदल सकती।
5) सर्वोच्च न्यायालय को संविधान की व्याख्या का अधिकार।
6) केन्द्र और राज्य सरकारों के बीच विधावी शक्तियों को संघ सूची, राज्य सूची और समवर्ती सूची में बांटा जाना।
7) वित्तीय स्वायतता के लिए केन्द्र और राज्य सरकारों के लिए अलग-अलग स्रोत।

 

12. संघवाद की किन्हीं तीन बुराइयों की व्याख्या कीजिए।

उत्तर :- 1) केन्द्रीय सरकार का अधिक शक्तिशाली होना।
2) संविधान संशोधन का अधिकार केवल केन्द्र को ही प्राप्त होना।
3) संसद को अधिक अधिकार होना।
4) धन संबंधी अधिकारों का केन्द्र के पास अधिक होना।
5) केन्द्र सरकार का राज्य सरकारों के मामले में अनावश्यक हस्तक्षेप।

 
13. "साथ रहकर संघीय व्यवस्था" अपनी संघटक इकाईयों को समान अधिकार नहीं देती। भारत के संदर्भ में इस कथन को उदाहरणों द्वारा समझाइए?

उत्तर :- 1) भारत संघ में सभी राज्यों के पास एक बराबर शक्तियाँ नहीं होती।
2) उदाहरण जम्मू कश्मीर को एक विशेष दर्जा प्राप्त है उसका अपना संविधान है।
3) भारतीय संविधान के कई प्रावधान जम्मू कश्मीर में लागू नहीं होते।
4) वे भारतीय जो जम्मू कश्मीर के निवासी नहीं हैं वे वहाँ जमीन या मकान नहीं खरीद सकते।
5) संघीय प्रदेश जैसी छोटी इकाईयों को चलाने के लिए केन्द्रीय सरकार के पास विशेष शक्तियाँ हैं।

 



प्रश्न अभ्यास
पाठ्यपुस्तक से


प्रश्न 1. विश्व के खाली राजनीतिक मानचित्र पर भारत के अलावा संघीय शासन वाले तीन देशों की अवस्थिति बताएँ और उनके नक्शे को रंग से भरें।

उत्तर कनाडा, अमरीका और बेल्जियम।

 


प्रश्न 2. भारत की संघीय व्यवस्था में बेल्जियम से मिलती-जुलती एक विशेषता और उससे अलग एक विशेषता को बताएँ।

उत्तर :-
• बेल्जियम से मिलती-जुलती व्यवस्था – भारत में संविधान ने मौलिक रूप से दो स्तरीय शासन व्यवस्था का प्रावधान किया था-संघ सरकार और राज्य सरकारें। केंद्र सरकार को पूरे भारतीय संघ का प्रतिनिधित्व करना था और अलग-अलग राज्यों के लिए राज्य सरकारें होगीं। केंद्र और राज्यों के बीच शक्तियों का बँटवारा संविधान में विषयों की तीन सूचियों के द्वारा कर दिया गया। बेल्जियम में भी केंद्र और राज्य दो प्रकार की सरकारें हैं और दोनों ही अपने-अपने क्षेत्र में स्वतंत्र हैं।

• बेल्जियम से अलग एक विशेषता – केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सत्ता का बँटवारा हमारे संविधान की बुनियादी बात है। अधिकारों के इस बँटवारे में बदलाव करना आसान नहीं है। अकेले संसद इसमें परिवर्तन नहीं कर सकती। इसके लिए पहले संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत से प्रस्ताव पास करना होगा, फिर कम-से-कम आधे राज्यों की विधानसभाओं से उसे मंजूर करवाना होगा। इसलिए इस विशेषता को कठोर संविधान कहते हैं। यह संघात्मक शासन के लिए जरूरी है।

 

प्रश्न 3. 1992 के संविधान संशोधन के पहले और बाद के स्थानीय शासन के दो महत्त्वपूर्ण अंतरों को बताएँ।

उत्तर :- भारत में सत्ता के विकेंद्रीकरण के लिए सभी राज्यों में गाँव के स्तर पर ग्राम पंचायतों और शहरों में नगरपालिकाओं की स्थापना की गई थी। पर उन्हें राज्य सरकारों के सीधे नियंत्रण में रखा गया था। इन स्थानीय सरकारों के लिए नियमित ढंग से चुनाव भी नहीं कराए जाते थे। इनके पास न तो कोई अधिकार था न कोई संसाधन।1992 में संविधान में संशोधन करके लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था के तीसरे स्तर को मजबूत बनाया गया।

1. अब स्थानीय स्वशासी निकायों के चुनाव नियमित रूप से कराना संवैधानिक बाध्यता है।
2. निर्वाचित स्वशासी निकायों के सदस्य तथा पदाधिकारियों के पदों में अनुसूचित जातियों, जनजातियों और पिछड़ी जातियों के लिए सीटें आरक्षित हैं।
3. राज्य सरकारों को अपने राजस्व और अधिकारों का कुछ हिस्सा इन स्थानीय स्वशासी निकायों को देना पड़ता है।
4. कम-से-कम एक तिहाई पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
5. हर राज्य में पंचायत और नगरपालिका चुनाव कराने के लिए राज्य चुनाव आयोग नामक स्वतंत्र संस्था का गठन किया गया है।

इस संशोधन द्वारा स्थानीय स्तर पर शासन को अधिक शक्तिशाली और प्रभावी बनाया गया।

 


प्रश्न 4. रिक्त स्थानों को भरें:
चूँकि अमरीका””तरह का संघ है इसलिए वहाँ सभी इकाइयों को समान अधिकार हैं। संघीय सरकार के मुकाबले प्रांत” हैं। लेकिन भारत की संघीय प्रणाली की है और यहाँ कुछ राज्यों को औरों से ज्यादा शक्तियाँ प्राप्त हैं।

उत्तर :- चूँकि अमरीका स्वतंत्र राष्ट्रों के साथ आकर संघ बनाने की तरह का संघ है इसलिए वहाँ सभी इकाइयों को समान अधिकार हैं। संघीय सरकार के मुकाबले प्रांत अधिक शक्तिशाली हैं। लेकिन भारत की संघीय प्रणाली आंतरिक विविधता को ध्यान में रखते हुए बनाए गए संघ की है और यहाँ कुछ राज्यों को औरों से ज्यादा शक्तियाँ प्राप्त हैं।

 


प्रश्न 5. भारत की भाषा नीति पर तीन प्रतिक्रियाएँ दी गई हैं। इनमें से आप जिसे ठीक समझते हैं उसके पक्ष में तर्क और उदाहरण दें
अरमान – भाषा के आधार पर राज्यों के गठन ने हमें बाँट दिया है। हम इसी कारण अपनी भाषा के प्रति सचेत हो गए हैं।
हरीश – इस नीति ने अन्य भाषाओं के ऊपर अंग्रेजी के प्रभुत्व को मजबूत करने भर का काम किया है।
संगीता – प्रमुख भाषाओं को समाहित करने की नीति ने राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया है।

उत्तर :- संगीता का भारत की भाषा नीति पर तर्क सही है। उसका कहना है कि प्रमुख भाषाओं को समाहित करने की नीति ने राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया है। भारत में 40 प्रतिशत लोग हिंदी बोलते हैं। हिंदी के अतिरिक्त भी बहुत-सी भाषाएँ बोली जाती हैं। यदि किसी एक भाषा को प्रमुख बना दिया जाता तो अन्य भाषायी लोगों के सामने कई समस्याएँ खड़ी हो जातीं। भारतीय राजनेताओं ने सभी प्रमुख भाषाओं को समाहित करके जो लचीला रुख अपनाया उसी से हमारे देश में शांति व व्यवस्था बनी हुई है तथा हम श्रीलंका जैसी गृहयुद्ध व अशांति की स्थिति में पहुँचने से बच हुए हैं।

 


प्रश्न 6. संघीय सरकार की एक विशिष्टता है।
(क) राष्ट्रीय सरकार अपने कुछ अधिकार प्रांतीय सरकारों को देती है।
(ख) अधिकार विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच बँट जाते हैं।
(ग) निर्वाचित पदाधिकारी ही सरकार में सर्वोच्च ताकत का उपयोग करते हैं।
(घ) सरकार की शक्ति शासन के विभिन्न स्तरों के बीच बँट जाती है।

उत्तर :- (घ) सरकार की शक्ति शासन के विभिन्न स्तरों के बीच बँट जाती है।

 

प्रश्न 7. नीचे भारत में शासन के विभिन्न स्तरों और उनके कानून बनाने के अधिकार-क्षेत्र के जोड़े दिए गए हैं। इनमें से कौन-सा जोड़ा सही मेल वाला नहीं है?
(क) राज्य सरकार – राज्य सूची
(ख) केंद्र सरकार – संघीय सूची
(ग) केंद्र और राज्य सरकार – समवर्ती सूची
(घ) स्थानीय सरकार – अवशिष्ट अधिकार

उत्तर :-
(घ) स्थानीय सरकार – अवशिष्ट अधिकार

 

प्रश्न 8. सूची I और सूची II में मेल ढूँढे और नीचे दिए गए कोड के आधार पर सही उत्तर चुनें।

उत्तर (गा) 1.-अ, 2.-स, 3.-द, 4.-बे

 


प्रश्न 9. इन बयानों पर गौर करें:

उत्तर :-

(अ) संघीय व्यवस्था में संघ और प्रांतीय सरकारों के अधिकार स्पष्ट रूप से तय होते हैं।
(ब) भारत एक संघ है क्योंकि केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकार संविधान में स्पष्ट रूप से दर्ज हैं और अपने-अपने विषयों पर उनका स्पष्ट अधिकार है।
(स) श्रीलंका में संघीय व्यवस्था है क्योंकि उसे प्रांतों में बाँट दिया गया है।
(द) भारत में संघीय व्यवस्था नहीं रही क्योंकि राज्यों के कुछ अधिकार स्थानीय शासन की इकाइयों में बाँट दिए गए हैं।

 

ऊपर दिए गए बयानों में कौन-कौन सही हैं?
(सा) अ, ब और स (रे) अ, स और द (गा) अ और ब (मी) ब और स

उत्तर :- (गा) अ और ब सही हैं।

 

 

 

 

 

Post a Comment

© Notes 60. All rights reserved. Distributed by ASThemesWorld